सीएम हेमंत ने बांटा नियुक्ति पत्र:93 इंजीनियर और एलडीसी को मिला ज्वाइनिंग लेटर, बोले हेमंत - राज्य की तरक्की में आपकी भूमिका अहम


सीएम हेमंत ने बांटा नियुक्ति पत्र

झारखंड मंत्रालय के सभागार में आज नियुक्ति पत्र बांटा गया। सीएम हेमंत सोरेन ने नियुक्ति पत्र बांटा। उन्होंने झारखंड नगरपालिका सेवा अंतर्गत नगर विकास विभाग में 47 सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियर को नियुक्ति पत्र दिया। साथ ही वाणिज्य कर विभाग के 46 निम्न वर्गीय लिपिकों को नियुक्ति पत्र दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता उपस्थित थे। वहीं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

ग्रुप फोटो में सीएम व नवनियुक्त कर्मी
ग्रुप फोटो में सीएम व नवनियुक्त कर्मी

इन्हें सीएम ने दिया नियुक्ति पत्र
नगर विकास विभाग

  • रोहित सिंह
  • मो जावेद जिशान
  • कमलेश कुमार सोरेन
  • खुशबू कुमारी गुप्ता
  • काली केशव

वाणिज्यकर विभाग

  • रविकांत मंडल
  • सौरभ रंजन
  • दुर्गा सोरेन
  • श्वाति मिंज
  • प्रशांत कुमार
नवनियुक्त असिस्टेंट इंजीनियर व एलडीसी
नवनियुक्त असिस्टेंट इंजीनियर व एलडीसी

लंबे इंतजार के बाद आया यह दिन
नियुक्ति पत्र कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आज के दिन के लिए आपने काफी लंबा इंतजार किया होगा। सभी को शुभकामनाएं। इस दिन का इंतजार कर रहे थे। सपने भी संजो रहे थे। आप प्रयास कर रहे थे कि सरकार की नौकरी मिले। कई तरीके के काम होते हैं। अधिकांश सोचते हैं कि सरकारी नौकरी मिले। आप इसके लिए जद्दोजहद करते हैं। कहां आपका किस्मत जगेगा यह आपको भी नहीं पता। आज का दिन आपके लिए काफी महत्वपूर्ण है।

सीएम के साथ ली सेल्फी
सीएम के साथ ली सेल्फी

हमने दी कई नियुक्तियां
सीएम ने कहा कि यह पहला अवसर नहीं है। इससे पहले भी हमने इस सभागार में कई नियुक्तियां दी हैं। नियुक्ति देने का यह सिलसिला बहुत ही कम समय और इतनी तेजी से हुआ है कि शायद सबका नाम नहीं बता पाएं हम। बीडीओ, सीओ और डीएसपी की नियुक्ति हमने की है। शिक्षकों की बहाली की है। पहली बार राज्य में कृषि पदाधिकारियों, खेल पदाधिकारियों और पंचायत सेवकों की नियुक्ति हुई।
हमने शिक्षकों की बड़ी संख्या में नियुक्ति की। राज्य में ऐसा कोई हॉल नहीं जहां तीन हजार शिक्षकों को बैठा कर नियुक्ति दी जाए, इसलिए हमने खेलगांव में नियुक्ति पत्र बांटा। आप सबको मालूम है कि जब हमने सरकार संभाला तब हमारा सामना कोरोना से हुआ। उससे निकलेंगे कि नहीं यही सोचते थे। ढ़ाई साल इसी में बीता। बहुत उम्मीद से हमने सरकार बनायी थी। पहले कोरोना, फिर सुखाड़। हमने कई चुनौतियां देखी।

सीएम हेमंत सोरेन ने दिया नियुक्ति पत्र
सीएम हेमंत सोरेन ने दिया नियुक्ति पत्र

पहली बार बनी नियुक्ति नियमावली
सीएम हेमंत सोरेन ने संबोधित करते हुए कहा कि जब हमलोगों ने काम करने के उद्देश्य से एक लंबी राजनीतिक लड़ाई के बाद सत्ता संभाला। झारखंड जैसे राज्य में कई चुनौती रही। राज्य बनने के बाद हमने पहली बार जेपीएससी नियुक्ति नियमावली बनी। कई विभागों की नियुक्ति नियमावली थी ही नहीं तो नियुक्ति कैसे होती। हमारा उद्देश्य था कि झारखंडी भाईयों को रोजगार मिले। इसे पूरा करने के लिए हमने न केवल सरकारी बल्कि प्राइवेट नौकरियां भी दी। हमने नियमावली भी बनायी कि प्राइवेट सेक्टर की 75 फीसदी नौकरी राज्य के लोगों को मिले। हमने कैंप लगा कर नौकरी दी। यह नौकरियां एलएनटी, टाटा, इंफोसिस जैसी कंपनियों में हमने दी। निश्चित रूप से यह मन को सुकून देने वाली काम रहा।
सरकारी कंपनियों का हो रहा प्राइवेटाइजेशन
उन्होंने कहा कि देश में ऐसी नीतियां बन रही हैं जो सरकारी चीजों को प्राइवेट कर रहा है। मेरा मानना है कि देश में 80 फीसदी लोग खेती से जुड़े हैं उसके बारे कौन सोचेगा। तमाम चुनौतियों के बाद भी हमारा राज्य आगे हैं। हमारा वित्त प्रबंधन गुजरात से आगे है। झारखंड देश का पहला राज्य है जहां पिछड़ा, गरीब, अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चे विदेशों में पढ़ाई करने जा रहे हैं। शायद उन्होंने कभी सोचा नहीं होगा। राज्य से कई लोगों ने विदेशों में पढ़ाई की है पर वे गिनती के लोग हैं। हमने 50 बच्चों को विदेशों में पढ़ने भेजा। कई को वहीं नौकरी मिली कई लौट कर देश राज्य की सेवा कर रहे हैं। हमने पढ़े-लिखे, कम पढ़े-लिखे और अपढ़ के लिए भी विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। हमने कई योजना शुरू कि है जो इन्हें पैरों पर खड़ा करेगा। कुछ दिनों बाद कुछ शिक्षकों की नियुक्ति होगी।
उन्नत राज्य के शीर्ष में रखना आपकी जिम्मेदारी
नव नियुक्त लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि आज से आप सरकार के अभिन्न अंग के रूप में काम करेंगे। आपकी भूमिका इस राज्य को देश के उन्नत राज्यों में शामिल करने में रहेगी। अपनी जिम्मेदारी आप निभाएं। राज्य के लोग काफी सरल हैं। राज्य पिछड़ा है। यहां गरीबी अभिशाप की तरह है। इसे दूर करने में अपनी भूमिका निभाएं। सरकार आपके साथ है। जिम्मेदारी के साथ काम करें। काम हमेशा जनहीत को सोच कर करें। इस राज्य में दक्षता की कमी नहीं है। राज्य को देश के अग्रणी राज्य में खड़ा करने के लिए प्रयास की जरूरत है।

Post a Comment

Previous Post Next Post